हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज की बस।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। गैरप्रांत से आए प्रवासी मजदूरों को लेकर इटावा जा रही रोडवेज बस की बिजली घर के सामने डंपर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस के चालक, परिचालक समेत सात लोग घायल हो गए। डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख में भर्ती कराया है। बाद में सभी सवारियों को दूसरी बस से इटावा भेजा गया।
गुजरात के साबरमती स्टेशन से स्पेशल ट्रेन से कन्नौज पहुंचे श्रमिकों को लेकर कन्नौज डिपो की दो बसें इटावा जा रही थीं। एक बस में 25 और दूसरी में 18 सवारियां थीं। सौरिख-बिधूना मार्ग पर बिजली घर के सामने आगे चल रही बस में सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस का चालक बेवर निवासी चंद्रप्रकाश पांडेय व क्लीनर अजीत सिंह पुत्र संतोष चंद्र निवासी ग्राम बासपुर, मोटा रोड बेवर गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार 54 सी फ्रेंड्स कालोनी इटावा निवासी सौरभ द्विवेदी, ग्राम रजपुरा निवासी हरीविलास पुत्र छोटेलाल, कांस्टेबल शुभम चौधरी और दो अन्य लोग घायल हो गए। कई यात्री चुटहिल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हालत गंभीर होने पर बस चालक चंद्रप्रकाश पांडेय को तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद सभी घायलों को अन्य सवारियों के साथ दूसरी बस से रवाना किया गया।
हादसे में रोडवेज बस क्षतिग्रस्त हो गई। डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा करवा दिया। डंपर को कब्जे में ले लिया।