फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा

विज्ञापन
विज्ञापन
सौरिख (कन्नौज)। सकरावा क्षेत्र के ऊमरपुर गांव के पास शनिवार सुबह हरदोई डिपो की रोडवेज बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद बस बाइक को 60 मीटर तक घसीट कर ले गई। हादसे के बाद चालक-परिचालक बस छोड़कर भाग गए। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद से परिजन में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


सौरिख क्षेत्र परौर गांव निवासी पवनेश शाक्य उर्फ पवन कुमार (24) और रूपसिंह बाथम (22) इटावा स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन थे। सुबह दोनों पेट्रोल पंप से बाइक से गांव लौट रहे थे। सुबह 10.30 बजे सकरावा क्षेत्र के ऊमरपुर नहर पुल के मोड़ पर इटावा जा रही हरदोई डिपो की रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों में आक्रोश देख आसपास के थानों की पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। वहां पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में दोनों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ सुरेश मलिक ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रोडवेज बस और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आठ माह पहले ही हुई थी पवनेश की शादी
पवनेश उर्फ पवन की शादी आठ माह पूर्व चिकनपुर निवासी शिवानी से हुई थी। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी शिवानी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। परिवार में मां मंजू देवी और छोटा भाई संदीप हैं। जवान बेटे की मौत से मां बेसुध हो गईं।
विज्ञापन



पढ़ाई के साथ पेट्रोल पंप पर करता था नौकरी
रूप सिंह सौरिख के देवांशु महाविद्यालय में स्नातक का छात्र था। पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह पढ़ाई के साथ पेट्रोल पंप पर नौकरी भी कर रहा था। परिवार में मां अनीता, भाई प्रांशु और तीन बहनें हैं। घर का सहारा छिन जाने से परिजनों में कोहराम मचा है।

मोड़ पर घनी झाड़ियां बनी हादसे का सबब
ग्रामीणों का कहना है कि ऊमरपुर नहर पुल के मोड़ पर सड़क किनारे घनी झाड़ियां हैं। इस कारण सामने से आने वाला वाहन दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों ने प्रशासन से झाड़ियां कटवाने और मोड़ पर सांकेतिक बोर्ड लगवाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें