कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 14 अगस्त की भोर में कार सवारों के साथ हुई लूट के मामले में एसपी विनोद कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पीआरवी के सिपाही को निलंबित कर दिया है। पीआरवी के चालक होमगार्ड पर कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को पत्र लिखा है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 14 अगस्त की सुबह देवरिया से फरीदाबाद जा रहे बृजेश कुमार यादव के साथ कार सवार चार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट किलोमीटर 167.600 पर हुई थी, जबकि पुलिस की पीआरवी (पुलिस रेस्पांस व्हीकल) किलोमीटर 172 पर खड़ी थी। इस वाहन की जिम्मेदारी 18 किलोमीटर तक गश्त करने की है। उनके क्षेत्र में लूट की वारदात हो गई और पीआरवी को पता नहीं चला।
एसपी ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर पीआरवी के सिपाही विनय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, चालक होमगार्ड प्रबल कुमार पर कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को पत्र लिखा है। एसपी ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। विदित हो कि पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो लुटेरों की पुलिस तलाश कर रही है।