ठठिया। डंपर चालक से वसूली के मामले में एसपी विनोद कुमार ने गुरुवार को थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। थाना प्रभारी पर डंपर चालक से 20 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगा था। जांच में पुष्टि होने पर एसपी ने कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
ठठिया पुलिस ने सात मार्च को एक डंपर चालक को रोककर वाहन थाने में खड़ा करा दिया था। बावजूद इसके चालक के पास रॉयल्टी समेत सभी आवश्यक कागजात भी मौजूद थे। आरोप है कि वाहन छोड़ने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई। इस पर पीड़ित चालक ने उसी दिन तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर एसपी से शिकायत की थी। पूछताछ के दौरान थाना प्रभारी ने वाहन की नंबर प्लेट खराब होने की बात कही थी।
इसके बाद पीड़ित ने थाना प्रभारी द्वारा बताए गए कारण का खंडन करते हुए पूरी घटना का वीडियो बनाकर एसपी को भेजा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने गोपनीय तरीके से मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना प्रभारी देवेश कुमार को निलंबित कर दिया गया। ठठिया थाने की कमान पीआरओ संजीव कुमार को सौंपी है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि ठठिया थाना प्रभारी को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।