जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में काली पट्टी बांधकर दमन दिवस मनाया। मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बजरंग सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय पांडेय, सौरभ त्रिपाठी, युवक कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष इमरान अली आदि कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। अत्याचार व भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जंगलराज कायम हो गया है। 17 अगस्त को जनता की समस्याओं को लेकर विधानसभा का शांतिपूर्वक घेराव कर रहे कांग्रेसियों पर बर्बर लाठीचार्ज कराया गया। सूबे की सपा सरकार जनता की आवाज को कुचलना चाहती है।
सत्तापक्ष के इशारे पर पुलिस ने कांग्रेसियों को बुरी तरह से पीटा। कांग्रेस नेता सौरभ त्रिपाठी, राजेंद्र कुमार शर्मा, विजय लक्ष्मी दुबे, प्रमोद शाक्य, शमशाद खां, राजेंद्र कुमार शर्मा, विश्वनाथ गिहार ने कहा कि सपा सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। जनता की आवाज उठाने वालों को लाठियों से पीटने वाली सपा सरकार तत्काल बर्खास्त की जाए। इस मौके पर पैसल खान, गोविंद, फिदा हुसैन मंसूरी, शिवम तिवारी आदि मौजूद रहे।