चुनाव आचार संहिता का भय लोगों में इस कदर व्याप्त है कि एक पिता अपनी बेटी के हाथ पीले करने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगने पहुंच गया। वहीं, एसडीएम ने इस मामले की जांच कोतवाल को सौंपी है।
नगर के मोहल्ला बस्तीराम निवासी रमेशचंद्र रावत उपजिलाधिकारी उदयवीर सिंह के पास पहुंचे। उसने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देते हुए बताया कि उसकी बेटी पूजा की बारात 18 फरवरी को आएगी, जबकि 19 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव आचार संहिता के चलते बारातियों व जनातियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उसने पुत्री की शादी के लिए लिखित रूप में अनुमति मांगी है।
एसडीएम ने प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच सौंप कर आख्या मांगी है। मालूम हो कि चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर धारा 144 लागू है। ऐसे में शादी विवाह में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पशोपेश में है।