जाम का कारण बने ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली को कोतवाली
ले जाते समय रोडवेज बस स्टैंड के आगे बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक
सवार बाल-बाल बच गया, पर बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैक्टर चला रहे सिपाही
ने उल्टे बाइक सवार को ही हड़काना शुरू कर दिया। बाद में भीड़ जुटने पर
सिपाही खिसक गया।
नगर के मुख्य मार्ग पर नए धर्मशाला के पास भवन निर्माण
को ट्रैक्टर-ट्राली से ईंटें लाई गई थी। चालक ने सड़क से लगाकर ट्रैक्टर
खड़ा कर दिया। मजदूर ट्राली से ईंटें उतारने लगे। ट्रैक्टर चालक किसी काम
से चला गया। इस बीच रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कोतवाल
अरविंद मोहन जायसवाल की जीप उधर से निकली।
जाम लगा देख पुलिस जीप से उतरे
सिपाही ने पहले तो ट्रैक्टर चालक की तलाश की। जब वह नहीं मिला तब उसने
ट्रैक्टर को स्टार्ट कर कोतवाली ले जाने लगा। अभी वह बस स्टैंड के आगे
निकल पाया था, तभी आगे जा रही बाइक से ट्रैक्टर टकरा गया। हादसा होते ही
बाइक चालक छोटू पुत्र अश्वनी निवासी रंधीरपुर उछलकर दूर जा गिरा, जबकि
टक्कर लगने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रैक्टर चला रहे सिपाही ने बाइक
चालक को उल्टा हड़काना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इस बीच ट्रैक्टर चालक भी पहुंच गया। भीड़ बढ़ते देख सिपाही ट्रैक्टर छोड़
मौके से खिसक गया, वहीं ट्रैक्टर चालक के भी जान में जान आई और वह बिना
कार्रवाई के ही अपना ट्रैक्टर लेकर रवाना हो गया।