एक माह पहले सौरिख क्षेत्र के एक सात वर्षीय छात्र का
अपहरण के बाद उसकी सकुशल बरामदगी करने व अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल
भेजने वाली पुलिस टीम को गुरुवार की दोपहर इंदरगढ़ में माध्यमिक शिक्षा
राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, डीएम अनुज झा, एसपी कलानिधि नैथानी ने
सम्मानित किया।
इस दौरान एसपी ने बताया कि 27 अक्तूबर को छिबरामऊ के
सिटी चिल्ड्रेन एकाडमी में कक्षा दो का छात्र सचिन सिंह चौहान पुत्र समर
बहादुर निवासी मानीमऊ हरदोई स्कूल से पढ़कर वापस बुआ बिट्टन देवी के गांव
इब्राहिमपुर थाना सौरिख में पैदल जा रहा था। उसी दौरान कुछ लोगों ने छात्र
का अपहरण कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
सौरिख पुलिस ने एक नवंबर
की सुबह सचिन को सकुशल बरामद कर गौरव सिंह व शैलेंद्र सिंह निवासी मुखड़ा
थाना सौरिख को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इस मामले में एसओ सौरिख रजनेश
चौहान, दरोगा महेंद्र गौतम, विशुनगढ़ के दरोगा शेष कुमार, सौरिख के सिपाही
ओमवीर व अरविंद कुमार ने बदमाशों की गिरफ्तारी की थी।