कन्नौज। सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग के बाद सर्वाधिक शिकायती पत्र बिजली निगम से संबंधित रहे, इनमें 23 फरियादियों ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर से अधिक बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत के बाद भी अफसर नहीं सुनते। एसडीएम सदर वैशाली ने समस्या समाधान का आश्वासन दिया।
समाधान दिवस में सर्वाधिक 59 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। इसके बाद बिजली निगम की 23 शिकायतों में सबसे अधिक स्मार्ट मीटर संबंधी रहीं। मोहल्ला हाजीगंज निवासी सुभाना बी, हुसना बी, सुल्तानपीर निवासी अजीम, वकील शाह, खुर्शीद बेगम, आसमा, अशरफ शाह, शाकिर, अनीस फात्मा, बिलकीश बानो, मोहम्मद शमीम, नवी अहमद ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिल आने की शिकायत दर्ज कराई।
वहीं ब्लॉक जलालाबाद के नेकपुर कायस्थ गांव निवासी किसान गुड्डू पाल ने बताया कि मड़ाई के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिरने से थ्रेसर जल गया। कहा कि तार टूटने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए और जर्जर तार सही किया जाए।
पति दिव्यांग हैं, मेरा बिल माफ करवा दो...
कन्नौज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम कनपटियापुर निवासी नन्हीं देवी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति अरविंद कुमार भूमिहीन व दिव्यांग हैं, वह मेहनत मजदूरी नहीं कर पाते। वह स्वयं दूसरे घरों में बर्तन धोकर दो छोटी बेटियों सहित परिवार का भरण पोषण कर रही है। उसका बिजली का बिल 50 हजार बकाया दिखा रहा है। महिला ने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए बिजली बिल माफ करने की गुहार लगाई है।