छिबरामऊ। कोचिंग में दो छात्रों में मारपीट हो गई। इसके बाद एक छात्र परिजनों के साथ कोचिंग पहुंचा। कोचिंग का दरवाजा बंद कर लाठी-डंडों से छह छात्रों की पिटाई कर घायल कर दिया। आरोप है कि छात्र हाथों में तमंचा लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की है।
विशुनगढ़ रोड पर स्थित प्रगति कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए करीब 50 छात्र कोचिंग पढ़ते हैं। बुधवार की सुबह 10 बजे अहिरुआ राजारामपुर निवासी छात्र अमित का बहादुरपुर निवासी सहपाठी से मारपीट हो गई। थोड़ी देर बाद सहपाठी 15 परिजनों और दोस्तों के साथ लाठी-डंडे लेकर कोचिंग में घुस गया। इसके बाद शिक्षक और अन्य साथियों को बाहर निकालने के बाद अंदर से कोचिंग का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद छात्र अमित, भाई सत्यम, विक्रम, अमन, अंकित और नीतिन को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे अमित के चाचा ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घायलों के साथ कोतवाली पहुंचे। अमित ने बताया कि आरोपी सहपाठी हाथ में तमंचा लिए थे जबकि परिवार के लोग लाठी-डंडों लेकर पहुंचे थे। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि तमंचे लाने की बात गलत है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं कोचिंग संचालक अनुज यादव ने बताया कि मामूली विवाद के बाद एक छात्र बाहरी लोगों के साथ कोचिंग में घुस आया। इसके बाद छात्रों को घायल कर दिया।