मढ़पुरा में गांव में फैले संक्र मण के एक युवक की मौत हो जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बेखबर बना हुआ है। गांव में अभी तक कोई भी स्वास्थ्य कर्मी नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों को इलाज के लिए फर्रुखाबाद, सैफई, कानपुर, छिबरामऊ जाना पड़ रहा है। गांव में छह बीमारों में डेंगू के लक्षणों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते मढ़पुरा गांव में वायरल फैला हुआ है। इससे करीब आधा सैकड़ा लोग संक्रमण की चपेट में हैं।
संक्रमण की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक सोनू की बीते दिन मौत हो गई थी। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने की जहमत तक नहीं उठाई है। वहीं ग्रामीण प्राइवेट तौर पर चिकित्सकों के पास से इलाज कराने पर मजबूर हो रहे हैं। गांव में छह लोगों में डेंगू जैसे लक्षण मिलने से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बीमारी फैलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग मूक दर्शक बना हुआ है।
कोई भी स्वास्थ्य कर्मी गांव में नहीं पहुंचा है। गांव में संक्रमण फैलने के बाद गांव प्रधान सरला देवी ने सफाई नहीं कराई है। गांव में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। गालियों व नालियों में कचरे का ढेर लगा हुआ है। मढ़पुरा गांव में फैले संक्रमण के चलते करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। इसमें नीलम शुक्ला, छोटे पाठक , लाल जी दुबे, शिवम, शिवानी, आशा देवी को प्राइवेट अस्पतालों के डाक्टरों ने डेंगू जैसे लक्षण होने बताए हैं।
स्वास्थ्य विभाग टीम के न पहुंचने से शिवम व शिवानी का इलाज सैफई में, आशा देवी व लालजी दुबे का इलाज कानपुर, छोटू पाठक व नीलम का इलाज छिबरामऊ में चल रहा है। चिकित्साधिकारी स्वास्थ्य केंद्र इंदरगढ़ के डा. जेपी सलोनिया ने बताया कि मढ़पुरा में संक्रमण फैलने की जानकारी है। टीम को सूचित भी कर दिया गया था लेकिन बकरीद की छुट्टी होने पर गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं जा सकी है। बुधवार को स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों को दवा वितरण कराई जाएगी।