मानीमऊ स्थिति हाई रिस्क क्वारंटीन सेंटर में संक्रमित से जानकारी लेते डा. बृजेश शुक्ला व डा. अतीफ
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में रविवार को एकाएक छह की वृद्धि हो गई। इनमें गुजरात से मदारपुर लौटे पिता व दो बेटियां, मुंबई से हाजीगंज लौटे दो भाइयों के साथ दोस्त शामिल है। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को कोविड-19 हास्पिटल तिर्वा में भर्ती कराया गया। इससे अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 36 हो गई। इनमें 14 ठीक हो चुके हैं जबकि 22 का इलाज चल रहा है।
पॉजिटिव मिले ये सभी लोग प्रवासी हैं। इनमें 28 मई को गुजरात से जलालाबाद के मदारपुर गांव में लौटे 36 वर्षीय व्यक्ति के साथ उसकी दो बेटियों (11 व 14 वर्षीय) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार शहर के हाजीगंज में रहने वाले दो सगे भाइयों (30 व 20 वर्षीय) और उनके पड़ोसी दोस्त (20) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ये तीनों 20 मई को मुंबई से ट्रेन से साथ-साथ लौटे थे। इससे पहले भी दोनों इलाकों में एक-एक व्यक्ति संक्रमित पाए जा चुके हैं।
कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस बल ने निगरानी बढ़ाने के साथ सैनेटाइजेशन का काम तेज कर दिया गया। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में अब तक 36 केस सामने आए है। इनमें से 14 ठीक होकर घर जा चुके हैं। शेष 22 मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी हॉटस्पॉट वाले इलाकों में 24 घंटे पुलिस टीमों को निगरानी करने के निर्देश दिए है।
संवाद न्यूज एजेंसी जलालाबाद के अनुसार, हॉटस्पॉट मदारपुर गांव में कोरोना संक्रमितों की संख्या चार हो गई। पिता और दो बेटियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति यहां पॉजिटिव पाया गया। ये लोग परिवार के लोगों के साथ गांव के अन्य लोगों के संपर्क में आए थे। इससे रविवार को गांव के 27 लोगों में कोरोना लक्षण देखकर क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है।