कन्नौज। खरीफ के सीजन में खाद की कालाबाजारी की बढ़ रहीं शिकायतों पर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। गुरुवार को तीनों तहसीलों में छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान 29 दुकानों की जांच की गई। बिना सूचना के शटर बंद कर भागने वाले छह लोगों की दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। एक दुकान पर खाद की बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई है।
शासन के निर्देश पर गुरुवार को डीएम ने जिले में तीन टीमों का गठन करके खाद दुकानों पर छापेमारी कराई गई। तिर्वा में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, मत्स्य अधिकारी अजय कुमार ने पड़ताल की। तहसील छिबरामऊ में भूमि संरक्षण अधिकारी आरके वर्मा, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी अभिशंक सिंह चौहान ने और तहसील कन्नौज में जिला कृषि अधिकारी आवेश सिंह व अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र तिवारी ने छापे मारे। इस दौरान तीनों तहसील की 29 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिसमें उर्वरक के आठ नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
छापेमारी की कार्रवाई के दौरान अनियमितता पाए जाने व दुकान बंद कर भाग जाने और बिना सूचना बंद रखने के कारण छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। एक दुकान की बिक्री प्रतिबंधित की गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसान अपनी जरूरत के मुताबिक ही खरीदें। विक्रेता कृषकों को जोत वही के आधार पर ही उर्वरक बिक्री करें। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दूरभाष नंबर 8272893015 पर संपर्क करें। जानबूझकर कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले खाद विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्टॉक में मिली गड़बड़ी
जिला कृषि अधिकारी आवेश सिंह ने बताया कि गोवर्धनी तिराहा पर स्थित बालाजी बीज भंडार को निलंबित किया गया। उनके यहां पास मशीन से अधिक स्टॉक पाया गया, जिसका अंकन स्टॉक रजिस्टर में नहीं पाया गया और एनपीके की 150 बोरी रखी पाई गईं जो की 16 अक्तूबर को सूरज फर्टिलाइजर्स गुरसहायगंज की ओर से उपलब्ध कराई गईं थी। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी ई-पाॅस मशीन पर इन्हें दर्ज नहीं किया गया। इसके कारण थोक विक्रेता सूरज फर्टिलाइजर्स गुरसहायगंज का लाइसेंस निलंबित किया गया।
इन खाद दुकानों पर भी कार्रवाई
बिना सूचना के दुकान बंद करने के कारण कटियार फर्टिलाइजर एवं शिव खाद भंडार गोवर्धनी तिराहा के लाइसेंस निलंबित किए गए। जसपुरापुर सरैया में गौरव सौरव खाद भंडार के यहां ई-पाॅस मशीन पर केवल यूरिया प्रदर्शित हो रही थी, जबकि दुकान में पोटाश 30 बोरी, एनपीके 58 बोरी और 30 बोरी डीएपी पाई गई, जिसके कारण स्टॉक को संदिग्ध मांगते हुए उर्वरक बिक्री प्रतिबंधित की गई। सभी थोक व खुदरा विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि अपने पास उपलब्ध सभी स्टॉक को ई-पॉस मशीन के अनुसार रखें और उर्वरक भेजने के साथ ही मशीन में फीड करें। मशीन के सापेक्ष स्टाॅक न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।