कन्नौज। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बाद जारी की गई अनंतिम मतदाता सूची में गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। सैकड़ों मतदाताओं ने शुक्रवार को भी शिकायत दर्ज कराई है कि गणना प्रपत्र जमा करने के बावजूद उनके नाम को एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृतक) सूची में डालकर मतदाता सूची से हटा दिया गया है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग पहुंची और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) व बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर कार्रवाई की मांग की है।
एसआईआर के बाद छह जनवरी को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। छह फरवरी तक आपत्तियां मांगी गई थीं। जिले में अब तक सैकड़ों आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं। इन शिकायतों में अधिकांश इस बात पर केंद्रित हैं कि बीएलओ के पास गणना प्रपत्र जमा करने के बावजूद मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं। इसके अतिरिक्त, सदर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 259 से 264 को दूसरे मतदान केंद्र में स्थानांतरित करने की मांग भी की गई है। यह आपत्ति इसलिए उठाई गई है क्योंकि इन बूथों को एक मंदिर परिसर और धर्मशाला में स्थापित किया गया है, जो निर्वाचन आयोग के नियमों के विरुद्ध है। आयोग के अनुसार, धार्मिक स्थलों पर मतदान केंद्र नहीं बनाए जा सकते। इन बूथों पर अन्य धर्मों के मतदाताओं के होने से मतदान के दौरान असहजता की आशंका जताई गई है।
शिकायतकर्ताओं केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने निर्वाचन आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भी ईआरओ पर कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। इस बीच, छिबरामऊ में मोहल्ला कस्सावान निवासी कलीम कुरैशी ने बताया कि उनकी मां, रुखसाना बेगम, जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में था। उनका नाम भी एसआईआर के बाद प्रकाशित सूची से हटा दिया गया है। बीएलओ प्रभाती यादव ने दो बूथों पर नाम होने के कारण मैपिंग में समस्या को इसका कारण बताया और कहा कि इसका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने सुपरवाइजरों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नामावली वाचन की तैयारी
छिबरामऊ में 18 जनवरी को बूथ लेवल एजेंटों और आम जनता की उपस्थिति में प्रत्येक बूथ पर निर्वाचक नामावली का वाचन किया जाएगा। एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए और आम नागरिक दावे व आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने स्वीकार किया कि एसआईआर के बाद अनंतिम सूची में विसंगतियां हो सकती हैं। विशेष अभियान के माध्यम से सभी दावों और आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण सत्यापन कर निराकरण किया जाएगा।
-
दावा, आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए तिथियां निर्धारित
17, 18, 31 जनवरी तथा एक फरवरी को बूथों पर रहेंगे बीएलओ व बीएलए
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान के तहत दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए चार तिथियां निर्धारित की गई हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में त्रुटि, कमी या संशोधन की आवश्यकता को समय रहते दूर किया जा सके। यह अभियान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके तहत मतदाताओं को अपनी आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन करने और आवश्यक सुधार करवाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित तिथियों, जिनमें 17, 18, 31 जनवरी और 1 फरवरी शामिल हैं। इन तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। वे आलेख्य निर्वाचक नामावली का पाठ करेंगे ताकि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को पहचानने में सहायता मिल सके। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों से आग्रह किया है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को इन तिथियों पर मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का ध्यानपूर्वक अवलोकन करने और आवश्यक सुधार करवाने के लिए निर्देशित करें। यह सुनिश्चित करेगा कि सूची में कोई भी त्रुटि अनजानी न रहे।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जा रही है। इन हेल्प डेस्क पर मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र छह, नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र सात, और प्रविष्टि में संशोधन, स्थानांतरण, ईपिक रिप्लेसमेंट तथा दिव्यांग संबंधी अंकन के लिए प्रपत्र आठ भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। सभी आवश्यक प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे, जिससे प्रक्रिया सरल और सुगम हो सके।