क्रांतिकारी शिक्षा सदन इंटर कालेज त्रिलोकपुर में
नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित गांव के विकास में प्रधान और टीचर की
भूमिका पर आयोजित सेमिनार में मुख्य अतिथि डीएम अनुज झा ने उमर्दा, हसेरन व
सौरिख विकास खंडों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को सलाह देते हुए कहा कि
उनके क्षेत्र की जनता ने सिर्फ पंचायत घर की दीवारों पर प्रधान का नाम
अंकित करने के लिए उन्हें नहीं चुना है।
सभी निर्वाचित प्रधान न्याय की
मंशा के साथ गांव की बेहतरी के लिए काम करें। डीएम ने उमर्दा, हसेरन व
सौरिख विकास खंडों के परिषदीय टीचरों को भी नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए कहा
कि प्रधानों और टीचरों के बच्चे इन स्कूलों में नहीं पढ़ते हैं। जिस वजह से
परिषदीय स्कूलों की ओर उनका ध्यान नहीं जाता है।
उन्होंने कहा कि जो टीचर
स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को इग्नोर कर रहा है वह अपने गांव, समाज,
प्रदेश व राष्ट्र के साथ खिलवाड़ कर रहा है। अच्छी शिक्षा व अच्छे संस्कार न
मिलने के कारण ही ऐसे बच्चे आगे चलकर समाज के लिए समस्या बनते हैं।
निर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों से अपील करते हुए कहा कि वह सभी अपनी ग्राम
सभाओं में विशेष तौर पर स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों
एवं गांव की सफाई पर ध्यान दें। महिला प्रधान गांव में महिलाओं की टीम
तैयार करें। कहा कि पूरी ग्राम सभा को खुले में शौच से मुक्ति दिलाएं।
बच्चों के कुपोषण को दूर कराने में सहयोग करें।
उन्होंने सभी प्रधानों को
कई मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि कोई समस्या आने पर तत्काल इन मोबाइल नंबरों
से संपर्क करें। एसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि गांव में किसान व टीचर एक
साथ मिलकर काम करें तो गांव का विकास जल्द होगा। कहा कि ग्राम प्रधान कमेटी
बनाकर गांव की छोटी-छोटी समस्याओं को सुलह-समझौते के आधार पर निपटा दें।
इससे पुलिस का भी काम काफी कम हो जाएगा। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा
राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने कहा कि जिले के विकास के लिए बड़े अफसरों
की मंशा तो काफी ठीक है, पर छोटे स्तर के कर्मचारी भेदभाव बरतते हैं, जिससे
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिल पाता है।
कार्यक्रम को
डीपीआरओ जेके केसरवानी, परियोजना निदेशक एके सिंह कुशवाहा, बीएसए रामकरन
यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश बघेल, जिला पूर्ति अधिकारी
संतोष सिंह, डीडीओ एके वैश्य, जिला पंचायत सदस्य रणवीर सिंह यादव, हाजी
हनीफ ठेकेदार, राजेश यादव, अजय वर्मा, उमाशंकर बेरिया, इंजीनियर अनिल पाल,
मुनेश राठौर ने भी संबोधित किया।