डाग स्क्वॉड के साथ मौजूद पुलिस बल।
- फोटो : CHIBRAMAU
सिकंदरपुर(कन्नौज)। बजरिया रोड पर भगत सिंह नगर स्थित डाकघर में शुक्रवार रात चोरों ने दरवाजे की कुंडी व ताला तोड़कर हजारों रुपये की नगदी समेत टिकट स्टांप व अभिलेख चोरी कर लिए। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड ने साक्ष्य इकट्ठे किए। पड़ताल के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
शुक्रवार सुबह सचिन कुमार डाकघर में सफाई करने पहुंचे। कुंडी व ताले टूटे देखकर इनके होश उड़ गए। इन्होंने मामले की सूचना स्थानीय कर्मचारी चेतन कुमार को दी। मौके पर पहुंचे चेतन ने पोस्टमास्टर जगदीश कुमार व पुलिस को अवगत कराया। कुछ ही देर में चौकी पुलिस पहुंच गई। घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की। सरकारी कार्यालय में चोरी की घटना को देखते हुए फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉड को भी बुलवा लिया गया।
दोपहर बाद डाक विभाग के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। चोरी में हुए नुकसान का आकलन किया गया। प्रथम दृष्टया 65517 रुपये नगद, 5473 रुपये की स्टांप टिकट, 74 सौ रुपये के पार्सल चोरी होने की जानकारी हुई। अभिलेखों की जानकारी जुटाने में कर्मचारी जुटे हुए थे।
दूसरी तरफ फोरेंसिक टीम ने चोरी के साक्ष्य इकट्ठे किए। डॉग स्क्वॉड ने आसपास के कई घरों में दौड़ लगाई। ठोस परिणाम नहीं निकला। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ के लिए युवक को ले गई पुलिस
डाग स्क्वॉड डोंडी नगर के भगत सिंह वार्ड में रहने वाले एक युवक के घर तक गया। इसके बाद बाहर आकर दरवाजे पर बैठ गया। मामला संदिग्ध देख घर में रहने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उसे पूछताछ के लिए चौकी पर ले गई।