सौरिख। दिवाली की रात मिठाई लेकर घर जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर कार सवार ने गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार भाग निकले। घायलावस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मोहल्ला संजय नगर निवासी सुवंश दुबे पुत्र राजीव कुमार दुबे अपने दोस्त सोनू के साथ दिवाली की देर शाम दुकान से मिठाई खरीदकर सकरावा रोड से अपने घर जा रहे थे। मुर्शिदाबाद गेस्ट हाउस के पास मोहल्ले के आदर्श चतुर्वेदी उर्फ उमंग व तरंग चतुर्वेदी पीछे से आए। इन्होंने इनकी बाइक के आगे अपनी कार लगा दी। दोनों ने गाली-गलौज कर फायरिंग कर दी। एक गोली सुवंश को लग गई। फायरिंग से दहशत फैल गई। लोग अपने घरों में दुबक गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज। पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर दोनों युवकों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पिछले चार दिनों से गाड़ी का हार्न बजाने पर दोनों पक्षों में आपस में कमेंट पास किए जा रहे थे। इसके बाद यह वारदात हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।