क्षेत्र के ग्राम बरेठी में शार्टसर्किट से छप्पर में आग लग गई। आग पांच घरों की गृहस्थी राख हो गई। फायरब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रविवार को ग्राम बरेठी में शार्टसर्किट से बादशाह के छप्पर में आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उनके भाई नरेश तथा पड़ोस के पंचम, राधेश्याम व शिव सिंह के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने हैंडपंप और ट्यूबवेल के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन हवा चलने की वजह से आग और तेज हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस व फायरब्रिगेड को दी। फायरब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी पाकर थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास व चौकी इंचार्ज सोबरन सिंह मौके पर पहुंच गए। अग्निकांड में बादशाह के घर में रखे 50 हजार रुपये, तीन पैकेट गेहूं, कपड़े व आभूषण जल गए। वहीं कपड़े की फेरी लगाने वाले नरेश के घर में 60 हजार रुपये सहित काफी सामान राख हो गया। शिव सिंह के घर में रखे 14 हजार रुपये, दो पैकेट गेहूं और 30 हजार रुपये के जेवरात राख हो गए। पंचम व राधेश्याम की गृहस्थी का सारा सामान, अनाज व बिस्तर जल गए। एसडीएम उदयवीर सिंह ने बताया कि मौके पर लेखपाल को भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।