कान्य कुब्ज शिक्षा एवं समाज सेवा समिति के तत्वाधान
में गुरुवार को चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय में आयोजित कन्नौज रत्न सम्मान
समारोह में लेफ्टीनेंट जनरल अनिल मिश्रा ने कहा कि लड़ाई में केवल जीत और
हार होती है। हर एक लड़ाई जीतना उद्देश्य होता है।
फौज में जाने से पहले
मां ने पढ़ाई, पिता ने स्वास्थ्य व बाबा ने हिम्मत रखने की सीख दी थी। उनका
पूरा जीवन इन तीनों पर अमल करते हुए बीता है। कहा कि कन्नौज की धरती
पर वह जन्मे हैं, यहां पर सम्मान पाकर वह अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे
हैं।
समिति के अध्यक्ष नवाब सिंह यादव को तोपखाना का चित्र भेंट किया।
समिति ने शिक्षा, कृषि, खेलकूद सहित कई क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाली
11 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर डीएम अनुज झा ने कहा कि चमकते
नक्षत्रों को सम्मान देना अच्छी परंपरा है।
कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में
गिरते स्तर को सुधारने को चल रहे अभियान में काफी सफलता मिली है। अब नए
प्रोजेक्ट के तहत खुले में शौच न करने का अभियान चल रहा है। सदर विधायक
अनिल दोहरे ने कहा कि सम्मान कार्यक्रम से प्रोत्साहन मिलता है। अच्छा
कार्य करने से प्रेरणा मिलती है। भाईचारे का संदेश भी यह कार्यक्रम देता
है।
एसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि समाज में कई तरह के लोग होते हैं।
इच्छा शक्ति मजबूत होने से ही लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। उच्च शिक्षा
आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष डा. आरबी चतुर्वेदी ने कहा कि समिति अच्छा कार्य
कर रही है। एडीएम संतोष वैश्य ने कहा कि आजकल 80 फीसदी लोग निगेटिव
विचारधारा से ग्रसित हैं।
एएसपी सुभाष चंद्र
शाक्य ने कहा कि सम्मान उसी को मिलता है, जो दृढ़ संकल्पी होते हैं। सीडीओ
उदयराज यादव ने कहा कि जिले से प्रतिभाओं को खोजना एक कड़ी चुनौती है। इन
प्रतिभाओं के सम्मान पाने से दूसरे युवाओं में क्रांति पैदा होती है। समिति
अध्यक्ष नवाब सिंह यादव ने कहा कि जब हम अपनी प्रतिभाओं को अपने घर में
सम्मान करेंगे तभी उनका दूसरी जगह सम्मान होगा।
इस दौरान आल्हा गायक
संग्राम सिंह ने कन्नौजी आल्हा सुनाकर मंत्रमुग्ध किया। इससे पहले
लेफ्टीनेंट जनरल अनिल मिश्रा, मेजर एनसी टंडन, मेहराज बानो, प्रो. रमेश
तिवारी विराम, गुलफ्सा बानो, प्रिंसी पांडेय, वंदना सिंह, सुषमा कटियार,
रिंकू मस्कूर सिद्दीकी, रामशंकर यादव, जय नरायन सिंह को सम्मानित किया गया।
कामनवेल्थ विजेता मनू पाल को डीएम ने सम्मानित किया। इस मौके पर सीएमओ डा.
पीएन बाजपेयी, आरएन मिश्रा, विमलेश शास्त्री, ललित मेहरोत्रा, अनुराग
मिश्रा, मिलन श्रीवास्तव, दिवारी लाल कुशवाहा, जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा,
नीलू यादव, ओपी शर्मा, संजय दुबे आदि मौजूद थे।