द्वितीय चरण के शिक्षामित्रों के समायोजन को लेकर प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने बीएसए रामकरन यादव से मुलाकात की। बीएसए से मांग की कि पुरुष शिक्षामित्रों को ब्लाक स्तर पर समायोजित किया जाए।
बीएसए को दिए ज्ञापन में बताया कि नया सत्र शुरू हो गया है। प्रधानाध्यापकों की लापरवाही के चलते अभी तक किसी भी विद्यालय में छात्रों का नामांकन शत-प्रतिशत नहीं हो सका। इस कारण नए पदों का सृजन नहीं हो पा रहा है। प्रथम चरण के पुरुष शिक्षामित्रों का समायोजन रोस्टर से किया गया था, जिससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्हें 60 से 80 किमी दूर पढ़ाने जाना पड़ता है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। मांग की कि द्वितीय चरण के शिक्षामित्रों का समायोजन ब्लाक स्तर पर रोस्टर के अनुसार किया जाए। नगर क्षेत्र में अध्यापकों की कमी को देखते हुए नगर के शिक्षामित्रों को नगर में और ब्लाक के शिक्षामित्रों को नगर में समायोजित कर अध्यापकों की कमी पूरा किया जाए।
इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष हृदेश दुबे, रजनी सिंह, विनय सिंह, अनूप कटियार, सौरभ यादव, महेंद्र यादव, मुकेश राजपूत, बसंत शुक्ला, शमीम बानो, लक्ष्मी यादव भी मौजूद रहे।