कन्नौज। शराब के आदी युवक ने रुपये न देने पर पत्नी पर गड़ासे से हमला बोल दिया। उसने बचने के प्रयास में हाथ उठाया तो वह लहूलुहान हो गई। उसे गंभीर हालत में परिजनों ने निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। वहीं, परिजनों ने आरोपित युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुतलूपुर निवासी कुन्ना शराब का आदी है। सोमवार दोपहर कुन्ना घर पहुंचा। उसने पत्नी रेखा से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। पत्नी के मना करने पर उसने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथापाई कर दी। बाद में गुस्से में आकर गड़ासे से प्रहार कर दिया। बचने के प्रयास में उसने हाथ ऊपर कर दिया। हाथ कटने से वह लहूलुहान हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया एसआई को जांच सौंपी गई है। जांच के बाद आरोपित पति पर कार्रवाई की जाएगी।
.