कन्नौज। प्रेम-प्रसंग में युवक के झांसे में आई महिला ने पति को तलाक दे दिया। युवक ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर छोड़ दिया। जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इटावा जिले में रहने वाली युवती की 2017 में शहर के युवक से शादी हुई थी। कुछ दिनों बाद दोनों में विवाद हो गया। इससे महिला पति से अलग रहने लगी। एक शोरूम में नौकरी कर ली। यहां महिला की मुलाकात साथ काम करने वाले आकिलपुर निवासी अभिषेक से हो गई। दोनों में प्रेम-प्रसंग चलने लगा। महिला ने बताया कि अभिषेक के कहने पर पति को तलाक दे दिया। शादी का झांसा देकर करीब दो माह पहले अभिषेक ने दुष्कर्म किया। इससे वह गर्भवती हो गई। शादी के लिए कहने पर अभिषेक ने मना कर दिया। मारपीट भी की।
अभिषेक के पिता अशोक, मां सरिता दुबे और भाई आदर्श दुबे से शिकायत की तो उन्होंने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।