गुरसहायगंज। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने, अश्लील फोटो खींचने, फोटो के माध्यम से शादी तुड़वाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर नगर के थाना अरौल क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी गुरसहायगंज क्षेत्र की चौकी समधन निवासी मोहम्मद रफी से तय हुई थी। आरोप है कि रफी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं। बाद में उसने शादी से इन्कार कर दिया। परिजनों ने सात मई 2024 को उसकी दूसरी जगह शादी कर दी। रफी ने उसके पति को फोन कर भड़काया और अश्लील तस्वीरें भेज दीं, जिससे वैवाहिक संबंध टूट गए।
इसके बाद 15 जून 2025 को युवती का विवाह किदवई नगर पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग निवासी युवक से हुआ। इस विवाह के बाद भी रफी ने पति को पुरानी बातें बताकर और कथित तस्वीरें भेजकर विवाद उत्पन्न कराया। इसके चलते पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला मायके रहने लगी। 31 अक्तूबर 2025 की रात 11.25 बजे वह अपनी बड़ी बहन के घर से छोटी बहन के घर जा रही थी।
रास्ते में रफी और उसका भांजा अरसद मिले। अरशद ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट की शरण ली। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।