अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर राजकीय मेडिकल कालेज में नर्सेज संघ ने कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्टाफ नर्सों ने मरीजों की बेहतर सेवा करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों ने स्टाफ नर्सों को सलाह दी कि वे मन में सिस्टर का भाव लाकर मरीजों की सेवा करें। इंजेक्शन लगाएं न कि घोपें।
इस मौके पर मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष डा. अशोक सविता का स्टाफ नर्सों ने बैज लगाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मरीजों की बेहतर सेवा करने के लिए ही पूरे विश्व में 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस का आयोजन किया जाता है। आज के दिन फ्लोरेंस नाइटएंगिल का जन्म हुआ था।
उन्होंने जीवनभर मरीजों की सेवा की। उन्होंने नर्सों को भी सलाह दी कि वे मेडिकल कालेज में आने वाले मरीजों की बेहतर सेवा करें। रेडियोलाजिस्ट डा. नरेश यादव ने कहा कि जिस तरह से नौनिहालों की सेवा मां करती है उसी तरह से अस्पतालों में मरीजों की प्रथम डाक्टर नर्स ही है।
नर्स यदि मरीजों के साथ अपनी संवेदनाओं को जोड़कर उनका उपचार करे तो बेहतर नतीजे आते हैं। कार्यक्रम को सीएमएस डा. दिलीप सिंह, सर्जन डा. अंसारी ने भी संबोधित किया। इस दौरान नर्सेज संघ के संयोजक अशोक गिरि, प्रदेश अध्यक्ष कुसुम मौर्या, मेडिकल कालेज की मैट्रन वीना त्रिपाठी, धीरज सिंह, अरुण सेन, सीमा सिंह, सिम्मी राय, प्रतिभा पांडेय, संध्या सिंह आदि मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन दिव्या सिंह व पिंकी सोनकर ने किया।