कन्नौज। परिवहन विभाग में लाइसेंस नवीनीकरण और नए लाइसेंस के लिए आवेदन कर स्लॉट बुकिंग करने वाले वाहन स्वामियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन से सर्वर की समस्या के चलते काम ठप है। इससे दूरदराज से आने वाले आवेदक बिना काम के ही लौटने को मजबूर हैं।
बताया गया कि सोमवार को को दिनभर परिवहन विभाग का सर्वर नहीं चला। सुबह से ही आवेदक आरटीओ कार्यालय पहुंच गए पर सर्वर डाउन होने के कारण कोई काम नहीं हो सका। दिनभर इंतजार करने के बाद लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। दोपहर बाद सर्वर शुरू तो हुआ पर लोड के चलते बार-बार हैंग होने लगा। स्लॉट बुकिंग करने वाले, लाइसेंस नवीनीकरण और नए लाइसेंस के लिए आए आवेदकों के फॉर्म अधूरे रह गए। कई लोगों के आवेदन बीच में ही अटक गए। सर्वर की धीमी गति के कारण एक-एक आवेदन में घंटों लग रहे हैं।
समस्या को लेकर एआरटीओ कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी काम न होने से परेशान रहे। कुछ आवेदकों ने बताया कि वे दूसरी-तीसरी बार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। ऑनलाइन स्लॉट मिलने के बावजूद ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी न होने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।
वर्जन
सर्वर की समस्या लखनऊ मुख्यालय स्तर की है। तकनीकी टीम इसे ठीक करने में लगी है। जल्द ही सर्वर सामान्य रूप से चलने लगेगा। इसकी सूचना संबंधित पोर्टल पर दे दी गई है।
-इज्या तिवारी, एआरटीओ