शहर की अधिकांश बैंकों के कर्मचारियों की विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है। बुधवार को उनका जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण था, जिसमें बैंक कर्मी शामिल होने गए थे। बैंकों में ताला लगा था, ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, ज्यादातर एटीएम भी बंद रहे, जिससे लोग दिनभर परेशान रहे।
शहर में छोटी-बड़ी लगभग दो दर्जन विभिन्न बैंकों की शाखाएं हैं। इनमें से ज्यादातर बैंकों के कर्मचारियों की 19 फरवरी को होने वाले चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है। जिन बैंककर्मियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है, बुधवार को जिला मुख्यालय कन्नौज में उनका प्रशिक्षण था। ऐसी स्थिति में सभी बैंककर्मी प्रशिक्षण लेने चले गए। परिणाम स्वरूप संबंधित बैंकों में कामकाज ठप हो गया। जानकारी के अभाव में बैंक में लेनदेन के लिए पहुंचे ग्राहकों को मायूसी हाथ लगी।
भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक आदि बैंकों ने सुबह से ही बैंक के मुख्य गेट पर बैंक कर्मियों के प्रशिक्षण में चले जाने की सूचना चस्पा कर दी थी, जिससे ग्राहक आते और सूचना पढ़कर लौट जाते। वहीं, नगर में लगभग 13 एटीएम हैं, कैश न होने से अधिकांश एटीएम पर ताला लटका रहा। ऐसी स्थिति में रुपये निकालने आए लोग मायूस होकर लौट गए। ग्राहकों ने बताया कि इस समय सहालग चल रही है और लोगों को पैसों की आवश्यकता है। बैंकों में लेनदेन ने होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।