कन्नौज। सावन मास के पहले दिन मंगलवार से मूसलाधार बारिश हुई। जोरदार बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। देर तक हुई बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव भी हो गया। शहर के निचले इलाके में कई जगह नालियों का पानी गलियाें में बहने लगा। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
मानसून के सक्रिय होते ही जिले भर में रोजाना बारिश हो रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में रह-रहकर हो रही बारिश से तापमान का ग्राफ धड़ाम हो गया है। शहर से लेकर दूसरे इलाकों में भी जोरदार बारिश हुई। छिबरामऊ, तिर्वा तहसील क्षेत्र में भी जगह-जगह जोरदार बारिश हुई। जोरदार बारिश से कई जगह जलभराव की नौबत आ गई। गलियों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी हुई। राह चलना मुश्किल हो गया। शहर में निचली इलाकों में कई जगह नालों का पानी गलियों में बहने से उस इलाके के लोग अपने-अपने घरों में कैद होने को मजबूर रहे।
शहर के कई मोहल्लों में पानी ही पानी
बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। नाला उफनाकर गलियाें में बहने लगा। कई जगह मकानों में भी पानी घुस गया। गलियों में देर रात पानी भरा होने से लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए। शहर के अजयपाल मोहल्ले में कुंजबिहारी धर्मशाला के पास की गली में नाले का पानी बहने लगा। जब तक गली का पानी कम नहीं हुआ, लोग घरों में ही कैद रहे। इसी तरह शेखाना, शेखपुरा, हिम़ालीपुरा के भी कई इलाके में जलभराव की समस्या से लोग जूझते रहे।