कांशीराम कालोनी में जांच करती स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। कोरोना संक्रमण के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांचों का सिलसिला तेज कर दिया है। शनिवार को कांशीराम कालोनी व पीपल वाली गली में शिविर लगाकर 233 लोगों की जांच की गई। वहीं सौरिख के तिर्वा रोड पर एक परिवार के तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि कांशीराम कालोनी में डॉ. हसीब खां की देखरेख में शिविर लगाया गया। 86 लोगों के सैंपल लिए गए। एंटीजन किट से जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं पीपल वाली लगाए गए शिविर में 147 लोगों ने जांच कराई। डॉ. राहुल मिश्रा ने कहा कि कोरोना के लक्षण महसूस होने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवा लें।
सौरिख प्रतिनिधि के अनुसार तिर्वा रोड निवासी शिक्षक तीन दिन से बीमार थे। उन्होंने पत्नी व बच्चे के साथ स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराई। एंटीजन किट से जांच में तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य टीम ने तीनों को कोविड अस्पताल भिजवाकर घर के आसपास के इलाके को सील कर दिया।