सौ शय्या अस्पताल में भर्ती विवाहिता।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। इलाके के बहबलपुर में ससुरालीजनों ने विवाहिता से मारपीट कर मरणासन्न कर दिया। मामले की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने विवाहिता को गंभीर हालत में सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया।
फर्रुखाबाद निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह ने बताया कि एक साल पहले बहन अनीता की शादी बहबलपुर निवासी मान सिंह के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक व एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि गुरुवार को अनीता के पति मान सिंह, जेठ फुल्ला उर्फ करन सिंह, अनार सिंह, ससुर बिंदुआ व सास ने उससे पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को तहरीर दी गई है।
इस संबंध में निरीक्षक हरीशंकर ने बताया कि विवाहिता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।