ठठिया(कन्नौज)। सराफ की दुकान से एक शख्स दो लाख रुपये के जेवर और 70 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर चला गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बे के बाजार में पट्टी गांव निवासी ममतेश की मेघा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। स्वास्थ्य ठीक न होने से ज्यादातर इनका बेटा सत्यम बैठता है। मंगलवार को बाजार होने से वह बेटे के साथ दुकान पर पहुंचे। ममतेश ने बताया कि दोपहर में बाइक सवार युवक दुकान पर आया। उसने पिछले साल अंगूठी ले जाने के लिए कहा। इसके बाद सोने की तीन अंगूठी, आठ जोड़ी तोड़ियां दिखाने के लिए कहा। अंगूठी देखने पर उसने पसंद न आना बताया। इससे बेटेे को तिर्वा भेजकर दूसरी अंगूठी मंगवाई। युवक ने अपने पास मौजूद हार दिखाकर उसकी कीमत पूछी। उसने उसके 70 हजार रुपये मांगे। उसे यह रुपये दे दिए। इसके बाद तीनों अंगूठी व तोड़ियां उठाकर चल दिया। उसने कहा कि वह इन्हें दिखाकर अभी वापस आ रहा है। काफी देर तक न लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की। उसके न मिलने पर टप्पेबाजी का शक हुआ।
इस दौरान शोरगुल मचाने पर बाजार के लोग इकट्ठे हो गए। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी के मुताबिक अभी सराफ ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।