सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव से वार्ता करते सपाई।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। सपा नेताओं ने नगला दिलू स्थित सौ शय्या में व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इन्हें यहां बदइंतजामी मिली।
मंगलवार को सपा नेता राशिद फारुकी के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधि मंडल सौ शय्या अस्पताल पहुंचा। सपा नेताओं ने विभिन्न वार्डों में भर्ती डेेंगू सहित अन्य रोगियों से वार्ता की। रोगियों ने बताया कि अस्पताल में सिर्फ बेड व चिकित्सक की ही सुविधा है। जांचें बाहर की पैथोलॉजी से करानी पड़ती हैं। वह दवाएं मेडिकल स्टोर से खरीद रहे हैं।
सपा नेताओं ने सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव से भी वार्ता की। उनसे अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। राशिद फारुकी ने बताया कि सपा के शासनकाल में बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए बनवाए गए इस अस्पताल में बदइंतजामी है। इसका खामियाजा मरीज भुगत रहे हैं। सुविधाओं के नाम पर मरीजों की जेब पर डाका डाला जा रहा है। इस दौरान सपा नेता अच्छे खां, अवनीश गुप्ता, वसीम मंसूरी, पिंटू यादव, संजय यादव, विवेक शाक्य सहित कई सपाई मौजूद रहे।
सपाइयों को देख फोर्स बुलाई
सौ शय्या अस्पताल में व्यवस्थाएं परखने पहुंचे सपा के प्रतिनिधि मंडल को देखकर सुरक्षा के लिए कोतवाली से फोर्स को बुला लिया गया। सपाइयों ने शांतिपूर्ण माहौल में मरीजों व सीएमएस से वार्ता की। इसके बाद लौट गए।