क्षेत्र के गांव निकौवनपुरवा के मंडी समिति में विराट दंगल के अंतिम दिन पहलवानों ने जमकर जोर आजमाइश की। इसमें जिला एवं तहसील स्तर के पहलवानों को अखाड़े में टक्कर देने के लिए कोई भी बाहरी पहलवान नहीं उतरा। इससे दोनों कुश्तियां निर्विरोध चुनी गयीं।
दंगल में उन्नाव के अंशुल व गुरसहायगंज के राजू के बीच कुश्ती हुई। इसमें अंशुल ने बाजी मारी। नेपाल के काठमांडू निवासी शंकर पहलवान ने महोबा के पहलवान ओमप्रकाश को पठकनी दी। कलियान के पहलवान नबाब को हराकर टनकपुर के पहलवान राजू ने जीत हासिल की।
झांसी के पहलवान बालमुकुंद ने मेरठ के सदीराणा पहलवान को चित किया। अमृतसर के राजू ने हरियाणा के अजीत सिंह को पराजित किया। वहीं जिले की कुश्ती पर जितेंद्र सिंह व तहसील स्तर पर कन्नौज के संजय के मुकाबले कोई अखाड़े में नहीं उतरा।
वहीं महिला पहलवानों की कुश्ती में झांसी की रेनू ने दिल्ली की पहलवान रानी को पटखनी दी। इस दौरान दंगल कमेटी के अध्यक्ष व प्रधान विनय कुमार यादव, अविनाश, अब्दुल वकील, महेंद्र एडवोकेट, रमन पहलवान सहित कई लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को चौकी प्रभारी नौरंगपुर बृजकिशोर गौतम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।