कन्नौज। वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग करते हुए सफाई कर्मियों ने रविवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। सफाई कर्मियों ने एक सप्ताह में बकाया भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में भुगतान नहीं हुआ तो वह लोग धरना प्रदर्शन करेंगे।
पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने ज्ञापन सौंपा। उसमें बताया कि सफाई कर्मियों को वेतन वृद्धि नहीं मिल रही है और जिनके वेतन में वृद्धि हुई है। उन्हें अभी तक बकाया भुगतान नहीं किया गया है। वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान न होने से कर्मियों को गृहस्थी चलाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों का बिना देरी किए वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान किया जाए। इसके अलावा ग्राम पंचायत में सफाई कार्य करने के लिए और कर्मियों को बढ़ाया जाए, जिससे सफाई कर्मियों को कार्य में परेशानी न हो। 16 साल कार्य करने के बाद भी कर्मियों को बकाया भुगतान नहीं किया गया है। कर्मियों को एनपीएस खाते से भुगतान करने की सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर तक अगर वेतन वृद्धि और बकाया भुगतान नहीं होता है तो वह लोग धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस दौरान उत्तम बाबू, विनोद , राकेश, महेंद्र, दिनेश, राजेश आदि मौजूद रहे।