कन्नौज। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तेरारागी गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां साधु ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसे पीने के लिए पानी मांगा तो आरोपियों ने उसमें पेशाब मिलाकर पिला दिया। मामले की शिकायत डीएम से की गई है। आरोप है कि इस शर्मनाक हरकत का वीडियो भी बनाया गया। बाद में इसी वीडियो को दिखाकर साधु को अपमानित किया गया। जब साधु ने आरोपियों का मोबाइल छीनने का प्रयास किया, तो उसके साथ मारपीट भी की गई।
साधु ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी पुलिस और प्रशासन से की थी पर कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई न होने से आहत साधु शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचा। उसने डीएम से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। डीएम ने बताया कि मामला पुलिस से संबंधित है, इसलिए उसे एसपी के पास भेज दिया गया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि गुरसहायगंज कोतवाल अजय अवस्थी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।