आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसे में मृतक नायब सूबेदार शिवशंकर का फाइल फोटो।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। एक साल बाद छुट्टी पर घर लौट रहे सेना की जयपुर यूनिट में तैनात नायब सूबेदार की आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से बुधवार रात मौत हो गई। हादसे में कार में नायब सूबेदार का सुबेदार साला और गाजीपुर का युवक घायल हो गए। दोनों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर परिवार के लोग गुरुवार को कन्नौज पहुंचे।
गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जंगल कौड़िया निवासी शिवशंकर (46) पुत्र राम जतन सिंह यादव जयपुर में यूनिट-58 में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। गोरखपुर के ही गुनगुन कोटा तिवारीपुर निवासी शिवशंकर का साला राजेश (40) पुत्र सुनाई लाल यादव उसी यूनिट में सूबेदार है। गाजीपुर जिले के थाना नक्साहार गंग नहर निवासी चंदन सिंह (25) पुत्र देवी दयाल छह जून को यूनिट में बहनोई से मिलने जयपुर गया था। इसी बीच करीब एक साल बाद शिव शंकर और राजेश की छुट्टी मंजूर हो गई। दोनों बुधवार शाम कार से गोरखपुर के लिए निकल रहे थे। चंदन भी गाजीपुर लौटने के लिए उनके साथ कार में बैठ गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे होते हुए तीनों लोग गोरखपुर जा रहे थे। बुधवार रात लगभग एक बजे तालग्राम के मछरैया गांव के सामने अस्थायी बैरियर पर कार चला रहे शिवशंकर ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई दूसरी लेन पर जाकर पलट गई। हादसे में शिवशंकर की मौके पर मौत हो गई और राजेश व चंदन सिंह घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने दोनों घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। सूचना पर शिवशंकर के सेना से सेवानिवृत्त भाई भोलेश्वर यादव और परिवार के लोग पहुंच गए। भोलेश्वर ने बताया कि शिवशंकर और राजेश करीब पांच साल से यूनिट में तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी मंजू देवी, बेटा अंशू कुमार और बेटी अंशिका बेसुध हो गए।