फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क चौड़ीकरण के काम पर चेयरमैन ने उठाए सवाल

विज्ञापन
नाला निर्माण से फुटपाथ पर भरा पानी। - फोटो : CHIBRAMAU
विज्ञापन
छिबरामऊ(कन्नौज)। छिबरामऊ-बिधूना मार्ग के चौड़ीकरण के काम पर नगर पालिका चेयरमैन ने सवाल खड़े किए हैं। जिलाधिकारी से लिखित में शिकायत की है। चेयरमैन का कहना है कि नाला संकरा बनाया जा रहा है। इसकी सफाई कराना मुश्किल होगा। खुदाई के दौरान जेसीबी से वाटर लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा है। चेयरमैन ने मांग की है कि काम को मानक के अनुरूप और गुणवत्ता परक कराया जाए।
विज्ञापन

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव दुबे ने बताया कि मां कालिका देवी मंदिर से पूर्वी बाईपास तक सड़क के किनारे पीडब्ल्यूडी विभाग से नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। दो फीट के निर्माणाधीन नाले की सफाईकर्मियों से सफाई नहीं करवाई जा सकती है। न जेसीबी मशीन से सिल्ट निकल सकती है। नाले की चौड़ाई कम से चार फीट कराई जाए। निर्माण के बाद शेष बची जगह पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इससे आने वाले समय में समस्या होगी। नाले के आगे फुटपाथ का निर्माण करवाया जाए। सड़क चौड़ीकरण के दौरान जेसीबी से खुदाई करवाई गई है। इससे कई जगह पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। नगर के कई मोहल्लों में पेयजल संकट पैदा हो गया है। पीडब्ल्यूडी से पेयजल लाइनों की मरम्मत करवाई जाए। इस संबंध में कार्यदायी संस्था आरसीएल के अवर अभियंता राजन यादव ने बताया कि जल निगम सहित विभागों को पाइप लाइनें हटवाने के लिए पत्र भेजा जा चुका है। सड़क निर्माण शुरू होने तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
विकास के लिए स्थायी जेई की नियुक्ति की मांग
चेयरमैन राजीव दुबे ने बताया कि नगर पालिका परिषद में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत दिनेश चंद्र तिवारी पिछले साल जनवरी माह में सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग कन्नौज के जेई अरुण कुमार को यहां का चार्ज दे दिया गया। दो जगह का कार्यभार होने से वह पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। इससे विकास कार्यों में बाधा हो रही है। उन्होंने डीएम राकेश कुमार मिश्रा से जेई की स्थायी तैनाती की मांग की है।
विज्ञापन

हस्तांतरित कराई जाएं पेयजल टंकी
पालिकाध्यक्ष राजीव दुबे ने बताया कि छिबरामऊ पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत जलनिगम ने नगर में तीन पेयजल टंकी, एक अंडर ग्राउंड पानी की टंकी और नौ नलकूपों की स्थापना करवाई है। पाइप लाइनें टेस्टिंग के दौरान जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गईं। लीकेज लाइनों की मरम्मत कराने के बाद जलनिगम ने सड़कों की मरम्मत नहीं करवाई। इससे नागरिकों को आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डीएम से क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत और योजना को नगर पालिका को हस्तांतरित करवाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें