कन्नौज। दिन के समय सात घंटे बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। किसान फसलों को पाला व सर्दी से बचाने के लिए रात में बिजली आने पर सींच रहे हैं। रात के समय कटौती नहीं की जा रही है। दिन के समय तापमान पांच डिग्री सेल्सियस व रात के समय तीन से चार डिग्री सेल्सियस पहुंच रहा है।
गांवों में 18 घंटे बिजली देने के फरमान को विभाग खुद ही पतीला लगा रहा है। विभाग दिन के समय सात घंटे की कटौती कर रहा है। इससे किसान रात के समय नलकूप चलाकर फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। किसान भीषण सर्दी में पूरी रात पानी में खड़े रहते हैं। किसानों को दिन के समय खेत में पानी लगाने के लिए तीन से चार घंटे का समय ही मिलता है। विभाग शेड्यूल बनाकर दिन के समय बिजली की कटौती कर रहा है। एसएसओ के मुताबिक सुबह पांच बजे से 11 बजे तक की कटौती की जाती है। कुछ फीडरों पर सुबह छह बजे से 10 बजे की कटौती हो रही है। कुल सात घंटे की बिजली कटौती की जा रही है।
लोकल फाल्ट बने बिजली आपूर्ति में बाधा
ट्रांसमिशन सेंटर से सात घंटे की बिजली कटौती की जाती है। स्थानीय फाल्ट से तकरीबन दो घंटे और कटौती हो जाती है। सर्दी के चलते लाइनमैन पोल पर चढ़कर फाल्ट खोजने से कतराते रहते हैं। फाल्ट होने के कई घंटे बाद मौके पर पहुंचते हैं।
निजी नलकूपों के फीडरों पर 10 घंटे आपूर्ति की गारंटी
जिले के निजी नलकूपों को 10 घंटे बिजली की लगातार सप्लाई देने के लिए अलग से फीडर बनाए गए हैं। विभाग का दावा है कि इन पर 10 घंटे लगातार आपूर्ति हो रही है। यह फीडर ठठिया से अनंदीपुर्वा, तिर्वा से ठठिया, जसोदा पंप कैनाल से बरौली, तिर्वा से खैरनगर, बहादुरपुर से मानीमऊ, जसपुरापुर से अटारा व जगतपुर, अनौगी से जलालाबाद, गुगरापुर से कुसुमखोर, रामाश्रम से मलिकपुर हैं।
गांव की बिजली के सहारे हैं कई निजी नलकूप
जिले में निजी नलकूपों के लिए नौ फीडर बनाए जा चुके हैं। इन पर तीन हजार से अधिक निजी नलकूप हैं। जिले में कुल 11 हजार से अधिक निजी नलकूप हैं। निजी नलकूपों के नौ फीडर बन जाने के बाद भी नौ हजार के करीब निजी नलकूप दिन के समय तीन से चार घंटे बिजली को तरस रहे हैं।
गांवों को बिजली की सप्लाई देने के लिए नया शेड्यूल बनाया गया है। दिन के समय बिजली की कटौती की जाती है। रात के समय कटौती नहीं होती है। बिजली विभाग की समाधान योजना चलने से गांव में कैंप लग रहे हैं। इससे दिन में 11 बजे बिजली चालू कर दी जाती है। शाम के समय दोबारा कटौती की जाती है।
शादाब अहमद (एक्सईएन विद्युत)