प्यारेलाल के रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज) । देर रात भैंसों की रखवाली कर रहे किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। इससे मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के ग्राम बटेला निवासी किसान प्यारेलाल (60) पुत्र केदार सिंह अपने घर के बाहर बंधे मवेशियों की रखवाली कर रहे थे। रात के समय अन्ना सांड़ ने भैंसों पर हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर वह भैंसों को बचाने पहुंचे तो सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। चीखें सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। इन्होंने सांड़ को भगाया। तब तक मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद प्यारेलाल की पत्नी सुखदेवी पाल, बेटा धर्मवीर, आनंद व अजय पाल का शव पर रो-रोकर बुरा हाल था। जानकारी पर एसआई इनायत खां व लेखपाल औरंगजेब गांव पहुंचे। इन्होंने परिजनों से मामले की जानकारी ली। सूचना पर भाजपा नेता मुनीष मिश्रा गांव पहुंचे। परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चार माह पहले भी सांड़ के हमले में हुई थी वृद्ध की मौत
बटेला गांव के लोगों ने बताया कि दीवाली से एक सप्ताह पहले इसी सांड़ ने गांव के 70 वर्षीय सियाराम पाल पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों ने सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव में दहशत का माहौल
सांड़ के हमले से प्यारेलाल की मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। हादसे के बाद सांड़ गांव के बीच झाड़ियों में बैठा था। गांव में संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे खौफजदा हैं। वहीं ग्रामीण भी इधर से गुजरने में डर रहे हैं।