कन्नौज। साझेदारी पर खेती करने वाले मजदूर की 15 वर्षीय बेटी को युवक ने दबोच लिया। मक्का के खेत में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे आरोपी के परिजनों ने उसे छुड़ा कर भगा दिया। पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू की है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला मजदूर किसानों की खेती साझेदारी पर लेकर जीवन-यापन करता है। मंगलवार को मक्के के खेत में उसकी 15 वर्षीय बेटी निराई करने गई थी। तभी किसान के बेटे ने उसे दबोच लिया। उससे दुष्कर्म किया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पीट दिया। इसी बीच आरोपी के परिवार के लोग पहुंच गए। इन्होंने धमकी देते हुए उसे छुड़ाकर भगा दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव बढ़ गया है। पीड़िता के पिता ने यूपी डायल 112 को जानकारी दी। यूपी डायल टीम के साथ कोतवाल राजा दिनेश सिंह मौके पर पहुंच गए। आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया गया। कोतवाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।