गुरसहायगंज(कन्नौज)। दो दिन पहले रुपयों से भरा थैला लेकर भागे बदमाश ने पूछताछ में छिनैती और लूट की घटनाएं कबूल की हैं। इस बदमाश को पुलिस ने वारदात के दिन ही पकड़ लिया था। वहीं दूसरे साथी का अब तक पता नहीं लगा है। वारदात में प्रयोग की गई बाइक बदमाश की है या चोरी की, अभी पुलिस यह भी नहीं जान सकी है।
कस्बे के बीड़ी कारखाने में कार्यरत मुनीम रामचंद्र की साइकिल में टंगे रुपयों से भरे झोले को लेकर बाइक सवार दो बदमाश भाग गए थे। वारदात के दिन दस जून को दो घंटे में पुलिस ने एक बदमाश को बाइक के साथ दबोच लिया था। उससे 67 हजार 500 रुपये बरामद हुए थे। दूसरा साथी भाग निकला था। पुलिस उसका पता पुलिस नहीं लगा सकी। पकड़े गए बदमाश औरैया जिले के चांदपुर निवासी सुरेश को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया है।
पुलिस की पूछताछ में सुरेश ने कबूल किया कि उसने चार जून को व्यापारी रामप्रताप के झोले से बैंक के बाहर डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए थे। इसके एक दिन पहले तिर्वा रोड से गढ़िहा बलिदादपुर निवासी नरेंद्र कुमार की 50 हजार रुपये की नगदी पार कर दी थी। इसके अलावा औरैया के फफूंद में एक लूट में उसने अपना हाथ बताया है। सीओ शिव प्रताप सिंह का कहना है कि कोतवाल टीपी वर्मा की टीम जल्द ही दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लेगी।