छिबरामऊ। विकास कार्यों और पंचायत व्यवस्थाओं के निरीक्षण में खामियां सामने आने पर बीडीओ का पारा मंगलवार को चढ़ गया। उन्होंने जिम्मेदारों को कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी है। साथ ही लगातार विशुनगढ़ में आरआरसी केंद्र बंद रहने और कूड़ा संतोष पाल मेडिकल पर चलने की शिकायतों के बाद कार्रवाई सचिव विनीत द्विवेदी को नोटिस जारी किया गया। उन्हें आरआरसी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत विशुनगढ़ के निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन खुला था पर कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए रजिस्टर नहीं मिला। इस पर पंचायत सहायक को सभी कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को रोजाना आने-जाने का विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सभा बरुआ सवलपुर के अंत्येष्टि स्थल के निरीक्षण में निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं मिला। पिलर के कॉलम की गहराई कम थी जबकि कई जगह गिट्टी-कुटाई और ब्रिक वर्क भी सही तरीके से नहीं कराया गया था। कंसल्टेंट और संबंधित अधिकारियों को मौके पर नियमित निरीक्षण कर प्रतिदिन फोटो भेजने के निर्देश दिए गए। गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बीडीओ ने बताया कि विकास खंड में 22 स्थानों पर बन रही ई-लाइब्रेरी का काम अंतिम चरण में है। भगवानपुर, असलताबाद, वीकूपुर, पुडावा समेत अन्य स्थानों पर कहीं फॉल सीलिंग तो कहीं लाइटिंग का काम बाकी है। सभी लंबित कार्य दो दिन में पूरे कराने और दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर 25 सितंबर को लोकार्पण के लिए तैयार रखने के निर्देश सभी सचिवों को दिए गए जा चुके हैं।