संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसहायगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी मां के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर सपा व पीडीए कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर सपाइयों ने रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
आरोप है कि सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर सपा मुखिया अखिलेश यादव और उनकी मां मालती देवी के खिलाफ आपत्तिजनक व अभद्र टिप्पणी की थी। इस संबंध में सपा के जिला महासचिव पिंटू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे को ज्ञापन सौंपा। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो व्यापक आंदोलन करेंगे। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान उत्कर्ष गुप्ता, मनी गुप्ता, फिरदौस आलम, अरुण कुमार शर्मा, बजरंग सिंह चौहान, अयूब, सलमान वारसी आदि मौजूद रहे।