बिना फॉग लाइट के रोडवेज बस स्टॉप पर खड़ी बसें।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सर्दी के मौसम में कोहरे से निपटने के लिए रोडवेज विभाग ने इंतजाम नहीं किए हैं। लंबी दूरी की बसें बिना फॉग लाइट के रात के समय फर्राटा भर रही हैं। इससे बसों में सफर करने वाले परेशान हैं। कई बसों में खिड़कियों के शीशे भी बंद नहीं होते हैं।
रोडवेज बसों में सर्दी के मद्देनजर खिड़कियों, शीशों को दुरुस्त नहीं कराया गया। बस चलने पर शीशे खुलने लगते हैं। फॉग लाइट भी नहीं लगी हैं। इससे चालकों को खासी परेशानी होती है। चालक मजबूरी में बसों को लंबी दूरी पर ले जा रहे हैं। विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। चालक अंदाजे से वाहन चलाते हैं। इससे हादसे का खतरा रहता है।
रोडवेज बस चालक के मुताबिक अधिक कोहरा होने पर खुद के पैसों से पीले या लाल रंग की पॉलिथीन खरीद कर लाइट पर लगाकर काम चला रहे हैं। पॉलिथीन कुछ दिन ही लगी रहती है। इसके बाद खराब हो जाती है। इस संबंध में एआरएम राजेश कुमार का कहना है कि बसों में फॉग लाइटें लगाने का कार्य किया जा रहा है। टूटे शीशे भी बदले जा रहे हैं।