कन्नौज। उत्तरीपूरा क्रासिंग की मरम्मत का कार्य होने से रोडवेज पर भार बढ़ा है। अब बसों को करीब 40 किमी की दूरी अधिक तय करनी पड़ेगी।
11 व 12 नवंबर को लालपुर उत्तरीपूरा क्रासिंग की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके चलते जीटी रोड 11 व 12 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक बंद रहेगी। इस अवधि में जीटी रोड से कानपुर जाने वाले वाहन बिल्हौर से रसूलाबाद होते हुए चौबेपुर में जीटी रोड पर पहुंचेंगे। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि क्रासिंग पर काम होने पर रोडवेज बसों को भी बिल्हौर से मोड़ कर रसूलाबाद होते हुए चौबेपुर में जीटी रोड पर लाया जाएगा। इससे करीब 40 किलोमीटर का अधिक सफर होगा। रोडवेज बसों के अलावा अन्य वाहन भी इसी मार्ग से कानपुर जाएंगे।
कानपुर से कन्नौज की ओर आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से आना होगा। दो दिन तक दिन के समय जीटी रोड बंद होने की दशा में शिवराजपुर, चौबेपुर के बीच के गांव के लोगों को दिक्कत का सामना करना होगा। रात आठ बजे के बाद मरम्मत का काम बंद होने पर जीटी रोड को बहाल कर दिया जाएगा। एआरएम ने बताया कि त्योहार के मौके पर जीटी रोड बंद होने से दिक्कत हो गई है। कई जगह जाम भी लग सकता है।