कन्नौज। अब शादी-बरात या पिकनिक के लिए रोडवेज बस बुक करना आसान है। पहले यात्रियों को कम से कम एक माह पहले बुकिंग करानी पड़ती थी पर अब परिवहन निगम ने यह अवधि घटाकर सिर्फ एक सप्ताह कर दी है। 400 किलोमीटर तक 24 घंटे के लिए रोडवेज बस का किराया 27,808 रुपये निर्धारित किया गया।
कन्नौज डिपो में कुल 96 बसें संचालित होती हैं। अधिकारी बताते हैं कि इतनी दूरी की प्राइवेट बस बुकिंग सामान्यतः 30 से 35 हजार रुपये में बुक होती है। रोडवेज बस सस्ती और सुरक्षित विकल्प है। पुरानी शर्त के अनुसार, यात्रियों को यात्रा से एक माह पहले बुकिंग करानी होती थी। नए नियम के तहत, अब केवल सात दिन पहले डिपो जाकर बुकिंग कराई जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस सुविधा से डिपो की आमदनी बढ़ेगी और लोग अपनी शादी, बरात या पिकनिक यात्रा आसानी से तय कर सकेंगे। कोई भी व्यक्ति रोडवेज बस को बुक करने के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन बुकिंग करा सकता है। हालांकि यह सुविधा पहले से भी चल रही है, लेकिन परिवहन निगम ने इस बार किराया कम कर दिया है और दूरी भी बढ़ा दी है।
वर्जन
अब शादी-बरात और पिकनिक के लिए रोडवेज बस बुक करना बेहद आसान और किफायती हो गया है। रोडवेज बस प्राइवेट बस की तुलना में सस्ती है। हमारी प्राथमिकता है कि लोग सुरक्षित और आरामदायक सफर का आनंद ले सकें। साथ ही यह डिपो की आमदनी बढ़ाने और सेवा में सुधार करने में भी मदद करेगा।
- अभिषेक वाजपेई,एआरएम, कन्नौज डिपो