कोतवाल को जानकारी देते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से अंबेडकरनगर जा रहे चावल व्यापारी को रोडवेज बस में अचानक दिल का दौरा पड़ गया। परिचालक उसे कोतवाली लाया। यहां से पुलिस ने उसे सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी के बैग से पुलिस को चार लाख 13 हजार रुपये भी मिले हैं।
बुलंदशहर डिपो की बस कोतवाली के बाहर देर रात रुकी। परिचालक माधव सिंह ने कोतवाल राजबहादुर सिंह को बताया कि बस में एक अधेड़ व्यक्ति बेहोश हो गया है। पहले तो पुलिस ने जहरखुरानी का मामला समझा। उसे सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने हार्टअटैक होने की बात कही। थोड़ी देर बाद उस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुलिस को बैग की तलाशी में चार लाख 13 हजार 450 रुपये मिले। बैग में मिले कागजातों में लिखे नंबरों पर पुलिस ने सूचना दी तो शुक्रवार दोपहर मृतक का पुत्र जनपद अंबेडकरनगर के थाना अहरौली अंतर्गत ग्राम गोराबसंतपुर निवासी सर्वेश कुमार शर्मा आया। उसने बताया कि पिता रामनरेश पुत्र जुगुलकिशोर शर्मा चावल व्यापारी हैं। वह व्यापार के सिलसिले में दो दिन पहले दिल्ली गए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वह शव को लेकर अंबेडकरनगर चले गए।