फोटो:04: अमोलर से गुरसहायगंज मार्ग की गायब पटरियां। संवाद
अमोलर। ऊंचा-अमोलर मार्ग के दोनों तरफ की पटरियां जानलेवा बन गई हैं। गुरसहायगंज को जोड़ने वाले इस मार्ग पर लगभग नौ किमी सड़क के दोनों किनारे की पटरियां गायब हो गई हैं या फिर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इससे वाहनों के फंसने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीण सतीश चंद्र, ओमशंकर, ओमकार, अशोक कुमार, रामसिंह, सुरेशचंद्र ने बताया कि प्रति वर्ष सड़क किनारे बनी पटरियों की मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं, लेकिन पटरियां खस्ताहाल में पहुंच गई हैं। 10 वर्षों में इस सड़क की पटरियों पर मिट्टी नहीं डाली गई। कागजों में मरम्मत के नाम पर धन की बंदरबांट की जाती है। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
आए दिन चार पहिया वाहन पटरियों के गड्ढों में फंस जाते हैं। सड़क के दोनों तरफ उगी झाड़ियां साफ नहीं की गई हैं। जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का आवागमन होता है, लेकिन जर्जर पटरियों पर उनकी निगाह नहीं जा रही है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता संतोष गुप्ता का कहना है कि सड़क की पटरियों और झाड़ियों की जल्दी सफाई कराई जाएगी।