विशुनगढ़। कस्बे में लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में मुख्य मार्ग पर बनवाई गई सड़क की पुलिया महज एक माह के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके चलते पुलिया इतनी जल्दी दरक गई।
स्थानीय दुकानदार सुरेंद्र यादव, राजू गुप्ता, रोहन जाटव और डाॅ. सुभाष दिवाकर आदि का कहना है कि पुलिया निर्माण के दौरान ही उन्होंने गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी और उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की थी। उस समय सुनवाई नहीं हुई। अब पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद उनकी आशंकाएं सही साबित होती नजर आ रही हैं। लोगों ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। वहीं भाजपा नेता रामबक्स लोधी ने कहा कि ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का प्रयोग कर पुलिया का निर्माण कराया गया है, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।