छिबरामऊ (कन्नौज)। दो दिन पहले सिर में दर्द की शिकायत होने पर झोलाछाप ने ई-रिक्शा चालक के माथे में इंजेक्शन लगा दिया। कुछ देर में हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने झोलाछाप को हिरासत में लेने के साथ ही ई-रिक्शा चालक को अस्पताल पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। रुपये के अभाव में परिजन घर ले गए। बुधवार को चालक की हालत और अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर ड्यूटी डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई।
ग्राम कुंवरपुर बनवारी निवासी मान सिंह (46) ई-रिक्शा चलाते थे। 10 मार्च की सुबह 10.30 बजे सिर में दर्द की शिकायत होने पर मान सिंह पड़ोसी गांव नौगाई में झोलाछाप के यहां दवाई लेने के लिए गया था। झोलाछाप ने उसके माथे में इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने गलत इलाज करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झोलाछाप को हिरासत में लेने के साथ एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया। यहां पर डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। बुधवार सुबह युवक की हालत नाजुक होने पर परिजन उसे दोबारा सौ शैया लेकर पहुंचे, जहां पर डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानसिंह के परिवार में पत्नी ममता समेत पुत्र अंकित, अंकुल, लोकेश, बेटी सोनम व अंजली हैं। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।