अमोलर। कुडरी गांव के मजदूर की मौत की उलझी गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से शुक्रवार को काफी हद तक साफ हो गई है। रिपोर्ट में शरीर पर मिली चोटों ने हादसे की आशंका को बल दिया है। रिपोर्ट में टूटी पसलियां, फटा लीवर, सिर और सीने पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे साफ जाहिर है कि पुलिया से गिरने के कारण ही मजदूर की मौत हुई है।
कुडरी गांव निवासी मजदूर हरिश्चंद्र बुधवार देर शाम पुलिया के नीचे पड़े मिले थे। परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए थे, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी कई पसलियां टूटी, लीवर फटा हुआ था तथा सिर और सीने पर चोट के निशान मिले हैं। चिकित्सकों के अनुसार अंदरूनी चोटें बेहद गंभीर थीं। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हरिश्चंद्र पुलिया से कई फीट नीचे पड़े कंकड़-पत्थर पर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस पूरे घटनाक्रम को हादसे के नजरिये से जांच रही है। हालांकि, परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है और न ही पुलिस को कोई तहरीर दी है। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू पर जांच की जा रही। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।